बिहार और झारखंड सहित देश के अन्य भागों में 4 दिनों तक चलने वाला सूर्योपासना और लोक आस्था का महापर्व छठ, उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही संपन्न हो गया। आज ब्रह्ममुहूर्त में ही छठव्रती पूर्व निर्धारित छठ घाटों पर पहुंचने लगे थे।

जल में खड़े होकर छठव्रतियों ने भगवान भुवन भास्कर की आराधना करते हुए, उनसे जल्दी प्रकट होने की प्रार्थना की।

आसमान में सूर्योदय की लालिमा छाते ही, मंत्रोच्चार के साथ सूर्य देवता को अर्घ्य देने का क्रम शुरू हो गया। इसके साथ ही आत्म अनुशासन, पवित्रता और श्रद्धा-भक्ति के महापर्व छठ का समापन हो गया।
[…] झारखण्ड प्रदेश गुरुद्वारा कमिटि ने हेमंत सरकार से गुरूनानक जयंती मनाने की अनुमति मांगी है। आज प्रदेश गुरुद्वारा कमिटि के सदस्यों ने इस विषय को लेकर रांची में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि आगामी 30 नवंबर को गुरुनानक जयंती है। जयंती के दस दिन पूर्व से ही प्रभात फेरी निकालने की परंपरा रही है लेकिन कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रभात फेरी नहीं निकाली जा रही है। कमिटि के सदस्यों ने कहा कि गुरुनानक जयंती सिक्खों का प्रमुख त्योहार है। ऐसे में राज्य सरकार कार्यक्रम के आयोजन हेतु आदेश दे। कमिटि सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए गुरूनानक जयंती मनायेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस दिशा में सकारात्मक पहल करने का भरोसा कमिटि के सदस्यों को दिया है। […]