भाजपा में आज से नितिन के ‘नवीन’ युग का शुभारंभ हो गया है। बिहार के बांकीपुर से विधायक नितिन नवीन ने आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार ग्रहण कर लिया। वे भाजपा का 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित एक समारोह में, पार्टी के चुनाव प्रभारी के. लक्ष्मण ने उनके निर्विरोध निर्वाचित होने की घोषणा की। इसके बाद निवर्तमान अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें, उनके कार्यालय में पदासीन कराया। समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, पथ निर्माण मंत्री नितिन गडकरी, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं को पार्टी का एक सामान्य कार्यकर्ता और नितिन नवीन को अपना बॉस बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा में ही यह संभव है कि एक आम कार्यकर्ता भी, पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है।

नितिन नवीन बिहार के पटना अंतर्गत बांकीपुर विधानसभा से लगातार पांचवी बार विधायक हैं। वे नीतीश कुमार की सरकार में मंत्री भी रहे। भाजपा का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किए जाने के बाद से ही, इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें ही पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित किया जाएगा।
