टोक्यो ओलंपिक को लेकर भारत काफी गंभीर है। जिन स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों को भाग लेना है, उन सभी स्पर्धा के खिलाड़ियों के लिए सर्वोत्तम प्रशिक्षण प्रदान करने के प्रयास गंभीरतापूर्वक किए जा रहे हैं। इसी संदर्भ में, मिशन ओलंपिक सेल ने पहलवान बजरंग पुनिया के लिए अमेरिका में एक महीने के प्रशिक्षण शिविर को स्वीकृति प्रदान कर दी है। केद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजु ने स्वयं ही ट्वीट करके इस बारे में जानकारी दी है।
टोक्यो ओलंपिक में भारत की बड़ी उम्मीद हैं बजरंग पुनिया
भारत को टोक्यो ओलंपिक में, बजरंग पुनिया से पदक की बड़ी उम्मीद है। कोरोना लॉकडाउन के बाद प्रशिक्षण शिविरों के फिर से शुरू होने पर, बजरंग पुनिया भारतीय खेल प्राधिकरण के सोनीपत केंद्र में प्रशिक्षण ले रहे हैं। वे अपने कोच एमेजोर्स बेंटिनिडिस और फिजियोथेरेपिस्ट धनंजय के साथ अमेरिका जाएंगे।