भोपालः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर से राजनीति के पंडितों के अनुमान को छका दिया है। भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में, मोहन यादव को मध्य प्रदेश का नया मुख्यमंत्री चुन लिया गया है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान के मुख्यमंत्रित्व काल का समापन हो गया। प्रदेश का एक नया मुख्यमंत्री मिल गया है।

मोहन यादव का जन्म 25 मार्च 1965 को हुआ था। उन्होंने एमए, एमबीए और पीएचडी की है। भारतीय जनता पार्टी में विधायक बनने से पहले, उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् में भी काम कर चुके हैं। मोहन यादव पहली बार 2013 में, उज्जैन दक्षिण विधानसभा सीट से विधायक चुने गए। इसके बाद उन्होंने 2018 में भी उज्जैन दक्षिण सीट से ही चुनाव जीता। 2 जुलाई 2020 को उन्हें, मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार में कैबिनेट मंत्री, उच्च शिक्षा बनाया गया। 2023 में उन्होंने लगातार तीसरी बार अपनी पुरानी सीट से ही विधानसभा चुनाव जीता और मुख्यमंत्री के पद तक पहुंच गए।

मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाकर भाजपा ने एक साथ कई निशाने साधे हैं। वे यादव समाज से आने वाले, भाजपा के पहले मुख्यमंत्री हैं। भाजपा पर, बिहार और उत्तर प्रदेश में यादव को मुख्यमंत्री नहीं बनाने का आरोप लगता रहा है। अब भाजपा ने इस आरोप से छुटकारा पा लिया है। मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाकर, भाजपा ने बिहार और उत्तर प्रदेश के यादव समाज को भी एक सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया है। इसका प्रभाव 2024 के लोकसभा चुनाव में पड़ना स्वभाविक माना जा रहा है।