रायपुरः विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री होंगे। इसके साथ ही 3 दिसंबर को मतगणना के बाद से, राज्य के भावी मुख्यमंत्री के नामों को लेकर चल रही चर्चा पर विराम लग गया है। रायपुर स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित, भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्हें मुख्यमंत्री चुना गया। सरगुजा और बस्तर संभाग की सभी आदिवासी सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत को देखते हुए, भाजपा ने छत्तीसगढ़ में पहली बार एक आदिवासी विधायक को मुख्यमंत्री बनाया है।

हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के कुनकुरी विधानसभा सीट से विजय प्राप्त की थी। इससे पहले वे 1990 से 1998 तक मध्य प्रदेश विधान सभा में लगातार दो बार विधायक रहे। 1999, 2004, 2009 और 2014 में, वे लगातार चार बार रायगढ़ सीट से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए। 2014 में नरेंद्र मोदी सरकार में विष्णुदेव साय को केंद्रीय खान एवं इस्पात राज्य मंत्री बनाया गया था।
विष्णुदेव साय का जन्म एक किसान परिवार में, 21 फरवरी 1964 को छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगिया गाँव में हुआ था। विष्णु देव साय ने अपने राजनीतिक जीवन का श्रीगणेश बगिया ग्राम में निर्विरोध सरपंच चुने जाने से किया था। उन्हें बैडमिंटन और फुटबॉल खेलना भी पसंद है।