रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रर्वतन निदेशालय की टीम ने आज रात लगभग नौ बजे गिरफ्तार कर लिया। ईडी की टीम ने मुख्यमंत्री निवास में लगभग 7 घंटे लंबी पूछताछ के बाद हिरासत में ले लिया। इसके बाद ईडी हेमंत सोरेन को लेकर राजभव पहुंची, जहां उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री का इस्तीफा स्वीकार कर लिया।

आपको बता दें कि रांची में सेना की भूमि की अवैध बिक्री से जुड़े मामले में, ईडी ने यह कार्रवाई की है। इससे पहले 29 जनवरी को ईडी की टीम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नई दिल्ली के शांति निकेतन स्थित आवास में भी छापा मारा था परंतु वे रात में ही वहां से गायब हो गए थे। लगभग 36 घंटे तक लापता रहने के बाद, हेमंत सोरेन रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में नजर आए थे। उसके बाद उन्होंने गठबंधन दल के विधायकों के साथ बैठक भी की थी। अंततः ठोस सबूतों के आधार पर ईडी ने हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया।