डॉ. मोहन यादव ने आज से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री की बागडोर संभाल ली है। भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम स्थित लाल परेड ग्राउंड में, राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उपस्थित थे। समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, संगठन महामंत्री बीएल संतोष, कार्यवाहक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। शपथ-ग्रहण के दौरान कार्यक्रम स्थल, मोदी-मोदी के नारों से गूंजता रहा।

डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश के 20वें मुख्यमंत्री हैं। वे उज्जैन दक्षिण विधानसभा सीट से विधायक हैं। आपको बता दें कि 17 नवंबर को हुए विधानसभा चुनाव में, 230 सदस्यीय विधानसभा में, भाजपा ने कुल 163 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं कांग्रेस पार्टी केवल 66 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही थी।