भाजपा में शामिल हुए ‘कोल्हान टाइगर’ चंपाई सोरेन

रांची में आयोजित एक कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और जेएमएम के कद्दावर नेता चंपाई सोरेन ने भाजपा का दामन थाम लिया। उनके साथ, बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी भाजपा में शामिल हो गए। जानकारों के अनुसार चंपाई सोरेन का भाजपा में शामिल होना, झामुमो के लिए कोल्हान में एक बड़ा झटका है।

पूर्व घोषित योजना के अनुसार, राजधानी के धुर्वा स्थित शाखा मैदान में आयोजित मिलन समारोह में भाजपा के कई बड़े नेता विद्यमान थे। इनमें झारखंड भाजपा प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, प्रदेश चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश चुनाव सह प्रभारी एवं असम के मुख्यमंत्री हिमंता विस्वसरमा शामिल थे। मंच पर झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी के अलावा कई सांसद और विधायक भी उपस्थित थे।

बाबुलाल मरांडी ने चंपाई सोरेन को विधिवत भाजपा की सदस्यता दिलाई और माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर चंपाई सोरेन भावुक भी हो गए। अपने संबोधन में उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेताओं पर जमकर हमला बोला।

Related posts

Leave a Comment