रांची नगर निगम के सफाईकर्मी आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

रांचीः अपनी मांगों को लेकर, रांची नगर निगम के सफाईकर्मी, आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। वेतन – वृद्धि सहित अन्य मांगों को लेकर ये लोग हड़ताल पर हैं। सफाईकर्मियों का आरोप है कि महंगाई सातवें आसमान पर है लेकिन उनके वेतन में वृद्धि नहीं की जा रही है। उन्हें घर चलाना कठिन होता जा रहा है। इसके अतिरिक्त उनकी दूसरी कई मांगों पर भी नगर निगम कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जिसके बाद उनके पास हड़ताल पर जाने के अलावा कोई और चारा नहीं बचा था।


इसके साथ ही रांची नगर की सफाई व्यवस्था पर, हड़ताल का असर दिखने लगा है। कूड़े – कचरे का उठाव नहीं होने से, सड़कों पर गंदगी का अंबार दिखने लगा है। बर्षा ऋतु में जलजमाव और कीचड़ की समस्या के कारण, नगरवासी पहले से ही त्रस्त हैं। उस पर हड़ताल के कारण, यत्र- तत्र फैल रहा कचरा, लोगों की परेशानियों को बढ़ा रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में, नगरवासियों के संक्रामक रोगों से ग्रसित होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है।


यहां अब यह देखना उचित होगा कि नगर निगम कब तक अपने सफाईकर्मियों की सुध लेता है? महंगाई के इस दौर में कम वेतन में काम करना सफाईकर्मियों के लिए कठिन होता जा रहा है। इसके अतिरिक्त उनकी अन्य मांगों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाना चाहिए।

Related posts

Leave a Comment