रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को जल संसाधन विभाग के कार्यों की समीक्षा की। झारखंड मंत्रालय में आयोजित इस समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की कृषि उत्पादन क्षमता को बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। चूंकि जल संसाधन विभाग किसानों के हित और विकास से जुड़ा विभाग है इसलिए इसे खेतों तक, समयबद्ध ढंग से पानी पहुंचाने की दिशा में कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राज्य में सिंचाई परियोजनाओं को एक तय समय-सीमा के अंदर पूरा किया जाए। सिंचाई से संबंधित उपयोगी परियोजनाओं को प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतारने का कार्य करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों में खान क्षेत्र हैं। इन खान क्षेत्रों में बड़े-बड़े गड्ढे में पानी जमा हैं। वहां से जमा पानी को लिफ्ट इरिगेशन के माध्यम से सिंचाई के लिए उपयोग में लाने हेतू भी, उन्होंने एक कार्य योजना बनाए जाने पर जोर दिया।